बच्चे से लेकर किशोर तक और युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक, हर कोई बदलते मौसम के अनुसार फैशनेबल कपड़े पहनना पसंद करता है. बुजुर्ग जहां हल्के-फुल्के परिधान पसंद करते हैं, वहीं युवा बॉलीवुड और हॉलीवुड के फैशन को अपनाते हैं. हाँ, यह ख्याल जरूर रखते हैं कि गर्मी भी न लगे और फैशन की दुनिया से कदमताल भी मिलाएं. कई प्रतियोगिताओं में मिस इंडिया के लिए परिधान तैयार करने वाले युवा डिजाइनर कैलाश का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में फैशन किसी आयु वर्ग तक सीमित नहीं है. सभी अपने खुद को फैशन के साथ अपडेट रखना चाहते हैं. लगभग दो सालों से फैशन की दुनिया में बेहतर कलेक्शन लाकर युवा दिलों को जीतने वाली युवा फैशन डिजाइनर सना चंदना कहती हैं कि गर्मी का मौसम फैशन के लिहाज से बेहद आकर्षक होता है. आखों को चुभती धूप में लोग हल्के रंगों को देखना पसंद करते हैं. कॉलेज छात्रा मोनिका कहती हैं कि मुझे गर्मियों में कुर्तियाँ और उसके साथ प्रिटेंड सलवार बेहद पसंद है. वहीं स्कर्ट के साथ लंबे बैग कैरी करना भी अच्छा लगता है. पार्टी में मुझे शॉर्ट्स पहनना पसंद है जिससे थोड़ा ग्लैमर लुक आता है. निजी क्षेत्र में कार्यरत स्नेहा कपूर का कहना है कि गर्मियों में फैशन का क्रेज सबसे अधिक होता है. मुझे तो गर्मियों में हल्के व आइसक्त्रीम के रंगों के कपड़े बेहद पसंद हैं. निजी क्षेत्र में कार्यरत हनी का कहना है कि मुझे आउटडेटेड कपड़े पहनना पसंद नहीं. मुझे ऐसा लगता है कि यदि आप पहनावे में अपडेट होते हैं, तो काम में भी अपडेट होने का उत्साह मिलता है. जहा तक गर्मी की बात है तो आपके पास ऑप्शन ज्यादा होते हैं और खुलकर एक्सपेरिमेंट करती हूं. छात्रा प्रिया वर्मा कहती हैं कि मैं कॉलेज जाने के लिए लाइट व शॉर्ट्स कपड़े पहनना पसंद करती हूं. वहीं गर्मियों में स्टोल और सन ग्लासेज भी बेहद जरूरी हैं.